1 / 100

 

 

रानीखेत (गोपाल सिंह बिष्ट)मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की विधानसभा क्षेत्र चंपावत से आए 30 प्रगतिशील कास्तकारों को पंडित दीन दयाल उपाध्याय राजकीय उद्यान में एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। जिसमें संयुक्त निदेशक डॉ0 बी के गुप्ता ने सेब व अन्य शीतोष्ण फलों की नवीनतम विकसित प्रजातियों के बारे में जानकारी दी। साथ ही डा0 गुप्ता ने औषधीय पौधों जैसे कलिहारी – बाल रोग में लाभदायक, आमा हल्दी – लेप लगाने से घुटनों के दर्द में लाभदायक, नाग केशर – खांसी और सांस संबंधित रोगों के लिए, व विदेशी सब्जियों जैसे ब्रोकली, पैक चोय, नोल खोर्क एवम् पुष्पों के बारे में विस्तृत जानकारी दी साथ ही किसानों को औद्यानिक फसलों के उत्पादन एवम् विपणन मैं आ रही समस्याओं के निराकरण के बारे में जानकारी दी गई। उद्यान भ्रमण के दौरान प्रधान सहायक नारायण सिंह राणा ने सेब की नवीनतम प्रजातियों, आडू, चेरी, खुबानी, अखरोट व कई प्रजातियों की नई पौध के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बडिंग, ग्राफ्टिंग , कटिंग के बारे में कास्तकारों को विस्तार पूर्वक जानकारी दी। साथ ही उन्होंने चैलेंजर प्रजाति के सेब के बारे में बताया कि दिसंबर माह में भी पेड़ों में चैलेंजर प्रजाति के सेब देखे जा सकते हैं। कास्तकार नवीन पुष्प वाटिका को देखकर काफी प्रभावित हुए। उन्होंने कम जगह में ज्यादा पुष्प लगाने की योजना को काफी सराहा। इस दौरान चंपावत डीएचओ टी एन पांडे, प्रदीप पंचोली, निधि जोशी, बी एस राणा, दरबान सिंह, इंद्र सिंह, लीला राम आदि मौजूद थे।